दो साल तक महिला को घर में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, छह महीने का बच्चा लेकर थाने पहुंची पीड़िता ने सुनाई आपबीती
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र में पीलीभीत निवासी एक महिला को अगवा कर दो साल तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आज छह महीने के मासूम बच्चे को गोद में लेकर थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। एसपी देहात में बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
दरअसल पीलीभीत जनपद की रहने वाली एक महिला आज गोदी में छह महीने के बच्चे को लेकर बदहवास हालत में किठौर कोतवाली पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि लगभग दो साल पहले क्षेत्र का रहने वाला एक युवक घुमाने के बहाने उसे यहां ले आया था। महिला का आरोप है कि इसके बाद युवक ने उसे अपने घर में बंधक बना लिया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि युवक के घर में रहने वाली महिलाएं उसकी चौकीदारी करती थीं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। महिला के मुताबिक इसी दौरान आज मौका मिलते ही वह अपने छह महीने के बच्चे के साथ आरोपी के घर से फरार हो गई। पीड़िता ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने गुहार लगाते हुए आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद थाना पुलिस आनन-फानन में आरोपी को उसके घर से उठा लाई। थानाध्यक्ष किठौर ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि महिला अपनी मर्जी से आरोपी के साथ आई थी। आज दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो महिला थाने आ पहुंची। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और महिला आरोपी के साथ ही वापस लौट गई।